जिला सोलन के डांगरी-बसाल स्थित श्री ठाकुरद्वारा धर्मार्थ न्यास गौ सेवा सदन में पशुपालन विभाग की ओर से विशेष पशु चिकित्सा एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभाग के चिकित्सकों ने गौशाला में रह रहे सभी गौवंश का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराईं।
गौ सेवा सदन के सदस्य अमरदीप पांजा ने बताया कि गौशाला की स्थापना वर्ष 2008 में स्वर्गीय कुलभूषण गुप्ता ने की थी। तब से यहां निराश्रित एवं जरूरतमंद गौवंश की सेवा का कार्य निरंतर किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बरसात और मौसम परिवर्तन के दौरान पशुओं में फैलने वाली बीमारियों की रोकथाम के उद्देश्य से पशुपालन विभाग समय-समय पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित करता है।
उन्होंने बताया कि इस बार विभाग के पांच से छह पशु चिकित्सकों की टीम ने गौशाला पहुंचकर यहां मौजूद सभी 110 गायों का विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण किया। चिकित्सकों ने प्रत्येक पशु की जांच कर आवश्यक दवाइयां और परामर्श भी दिया, ताकि मौसमी संक्रमण और अन्य बीमारियों से उनका बचाव किया जा सके।
अमरदीप पांजा ने बताया कि गौ सेवा सदन में हर छह माह के अंतराल पर इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते हैं, जिससे गौवंश का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि इस बार की जांच में किसी भी गाय में कोई गंभीर बीमारी नहीं पाई गई। सभी 110 गौवंश पूरी तरह स्वस्थ हैं और उनका उचित रखरखाव एवं देखभाल की जा रही है। उन्होंने पशुपालन विभाग की टीम का शिविर के सफल आयोजन के लिए आभार भी व्यक्त किया।
सोलन : डांगरी गौशाला में पशु चिकित्सा शिविर आयोजित, 110 गौवंश का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण