सोलन मंडी में शुरू हुई फलों की आवक, प्रीमियम सेब और नाशपाती को मिल रहे बेहतर दाम

हिमाचल प्रदेश की सोलन फल मंडी में नए सीजन के फलों की आवक शुरू हो गई है। कुल्लू, करसोग, चौपाल, सिरमौर और सोलन के स्थानीय क्षेत्रों से सेब और नाशपाती मंडी पहुंचने लगे हैं। शुरुआती दौर में ही अच्छी गुणवत्ता वाले फलों को बेहतर दाम मिलने से बागवानों में उत्साह देखा जा रहा है।
मंडी से मिली जानकारी के अनुसार इन दिनों स्पुर और गाला किस्म के सेब की आवक अधिक है। प्रीमियम गुणवत्ता वाले हाफ बॉक्स सेब 2000 से 2500 रुपये तक बिक रहे हैं, जबकि छोटे आकार के स्पुर सेब के बड़े बॉक्स 2500 से 3500 रुपये तक के भाव प्राप्त कर रहे हैं। वहीं नाशपाती के हाफ बॉक्स 1500 से 1800 रुपये तथा बड़े बॉक्स 2500 से 2800 रुपये तक बिक रहे हैं। अच्छी गुणवत्ता वाली नाशपाती का मूल्य 3000 रुपये प्रति बॉक्स तक पहुंच रहा है।
व्यापारियों का कहना है कि इस समय बाजार में हाई कलर वाली वैरायटी की मांग अधिक बनी हुई है, जिससे बेहतर गुणवत्ता वाले फलों को अच्छे दाम मिल रहे हैं। हालांकि मंडी में पहुंच रहे कुल माल का करीब 10 से 20 प्रतिशत हिस्सा ओलावृष्टि से प्रभावित भी बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार फिलहाल शिमला के ऊपरी क्षेत्रों की बजाय चौपाल सहित निचले इलाकों से फलों की आवक शुरू हुई है। इसके अलावा कुल्लू, करसोग और सोलन क्षेत्र से भी गाला सहित अन्य किस्मों के सेब लगातार मंडी पहुंच रहे हैं। व्यापारियों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में आवक बढ़ने के साथ कारोबार और अधिक रफ्तार पकड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *