अयोध्या स्थित राम मंदिर में हुई कथित चोरी की घटना को लेकर कांग्रेस कमेटी के पूर्व प्रवक्ता अमन सेठी ने केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा वर्षों से भगवान राम के नाम पर राजनीति करती रही है, लेकिन मंदिर में हुई घटना पर उसके शीर्ष नेता चुप्पी साधे हुए हैं।
अमन सेठी ने कहा कि भाजपा ने हर चुनाव में भगवान राम के नाम पर जनता से वोट मांगे और राजनीतिक लाभ लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि जब मंदिर से जुड़ी गंभीर घटना सामने आई है तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता इस विषय पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री हर बड़ी उपलब्धि का श्रेय स्वयं लेते हैं और दावा करते हैं कि पिछले वर्षों में देश में बड़े बदलाव हुए हैं। ऐसे में राम मंदिर में हुई घटना पर भी सरकार को जवाब देना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर इस मामले में शीर्ष नेतृत्व की चुप्पी क्यों है।
सेठी ने केंद्रीय जांच एजेंसियों के कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी नेताओं के मामलों में ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग तुरंत सक्रिय हो जाते हैं, लेकिन राम मंदिर से जुड़े मामले में ऐसी तत्परता दिखाई नहीं दे रही। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए ताकि सच्चाई देश के सामने आ सके।
उन्होंने सरकार द्वारा गठित एसआईटी पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जनता इस पूरे मामले में पारदर्शी और निष्पक्ष जांच चाहती है। उन्होंने कहा कि भगवान राम के नाम पर राजनीति करने वालों को अब इस घटना पर भी स्पष्ट जवाब देना चाहिए।