सोलन सब्जी मंडी में टमाटर और लहसुन के दामों में तेजी दर्ज की गई है। मंडी के आढ़ती एवं शॉप नंबर-9 के संचालक नरेंद्र ठाकुर ने बताया कि पिछले कुछ दिनों की गिरावट के बाद टमाटर के भावों में फिर सुधार आया है। बुधवार को मंडी में टमाटर 400 से 750 रुपये प्रति क्रेट तक बिका। मंडी में बसाल, धरोट, सलोगड़ा, बररी, जौनाजी, ओयली, मशवर, देवठी और अश्विनी खंड सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी मात्रा में टमाटर की आवक हो रही है।
उन्होंने बताया कि लहसुन के दाम भी पिछले दो से ढाई महीनों से लगातार मजबूत बने हुए हैं। छोटी गोली वाला लहसुन 80 से 90 रुपये, मीडियम क्वालिटी 110 से 130 रुपये तथा बेहतर गुणवत्ता वाला लहसुन 160 से 175 रुपये प्रति किलोग्राम तक बिक रहा है।
नरेंद्र ठाकुर ने बताया कि अन्य राज्यों से आवक बढ़ने और स्थानीय फसल पुरानी होने के कारण बीन के दामों में गिरावट आई है। वहीं, स्थानीय शिमला मिर्च की आवक शुरू होने से किसानों को 38 से 45 रुपये प्रति किलोग्राम तक भाव मिल रहे हैं।
उन्होंने किसानों से फसल की ग्रेडिंग और बेहतर पैकिंग पर विशेष ध्यान देने की अपील की। उनका कहना है कि अच्छी गुणवत्ता का उत्पाद मंडी में हमेशा बेहतर कीमत दिलाता है। भारी बारिश के कारण कई बार टमाटर और शिमला मिर्च की गुणवत्ता प्रभावित होती है, इसलिए पूरी तरह तैयार और अच्छी तरह ग्रेडिंग की गई फसल ही मंडी में लानी चाहिए, ताकि किसानों को अधिक लाभ मिल सके।