जिला कांग्रेस कमेटी सोलन ने सोमवार को आयोजित प्रेसवार्ता में नीट (NEET) परीक्षा में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं का मुद्दा उठाते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री से इस्तीफे की मांग की। प्रेसवार्ता की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष बरमानी ने की। इस अवसर पर जोगिंद्रा बैंक के चेयरमैन मुकेश शर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
प्रेसवार्ता में सुभाष बरमानी ने कहा कि ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार पूरे देश में NEET परीक्षा में सामने आई अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठाई जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में लगातार प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक होने की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
बरमानी ने कहा कि मध्यमवर्गीय परिवारों के बच्चे वर्षों तक कठिन परिश्रम कर इन परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन बार-बार होने वाली धांधली और परीक्षाओं के रद्द होने से उनकी मेहनत पर पानी फिर जाता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सरकार को सख्त कदम उठाने चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा प्रणाली में लगातार हो रही गड़बड़ियों से युवाओं में निराशा बढ़ रही है और कई छात्र मानसिक तनाव का सामना कर रहे हैं। जिला कांग्रेस ने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि युवाओं का शिक्षा व्यवस्था पर विश्वास कायम रह सके।