चंडीगढ़-शिमला राष्ट्रीय उच्च मार्ग (एनएच-5) पर रबोन क्षेत्र में रविवार देर रात एक गंभीर सड़क हादसा सामने आया है। रात करीब डेढ़ बजे एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़े चार वाहनों को जोरदार टक्कर मारकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। हादसे के बाद चालक ट्रक सहित मौके से फरार हो गया। इस दुर्घटना में चारों वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा है, जबकि सौभाग्य से कोई जनहानि नहीं हुई। रबोन पंचायत के पूर्व प्रधान अनिल ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि हादसा देर रात करीब 1:30 बजे के आसपास हुआ। एक ट्रक ने सड़क किनारे खड़े वाहनों को टक्कर मारी और चालक मौके से फरार हो गया। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
पूर्व प्रधान अनिल ने बताया कि एनएच-5 के इस हिस्से में इस प्रकार की घटनाएं पहले भी कई बार हो चुकी हैं। तेज रफ्तार वाहन सड़क किनारे खड़े वाहनों को टक्कर मारकर फरार हो जाते हैं, जिससे लोगों की सुरक्षा पर लगातार खतरा बना हुआ है। उन्होंने प्रशासन और राष्ट्रीय उच्च मार्ग प्रबंधन से मांग की है कि इस क्षेत्र में यातायात नियमों का सख्ती से पालन करवाया जाए तथा दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। अनिल ने कहा कि यदि हादसे के समय वाहन मालिक या अन्य लोग वहां मौजूद होते तो यह दुर्घटना एक बड़े जानलेवा हादसे का रूप ले सकती थी। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं।
सोलन : एनएच-5 पर फिर बेलगाम रफ्तार का कहर: रबोन में खड़े चार वाहनों को टक्कर मारकर फरार हुआ ट्रक चालक