‘सेवा, समर्पण और सम्मान’ के साथ सोलन में गूंजी सैनिकों की शान, मेजर जनरल अमरीश गुंजन ने पूर्व सैनिकों को किया नमन

सोलन: भारतीय थल सेना द्वारा सोलन में आयोजित विशाल पूर्व सैनिक (ईएसएम) रैली में देश की सेवा कर चुके वीर जवानों और सैन्य अधिकारियों के सम्मान का अनूठा दृश्य देखने को मिला। कार्यक्रम की अध्यक्षता मेजर जनरल अमरीश गुंजन ने की। रैली में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों ने भाग लिया, जहां उनके त्याग, बलिदान और राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पण को याद करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मेजर जनरल गुंजन ने कहा कि देश की सुरक्षा और गौरव के लिए पूर्व सैनिकों द्वारा दिया गया योगदान अमूल्य है और वर्तमान सेना उनके अनुभव, अनुशासन और समर्पण की सदैव ऋणी रहेगी। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों का सम्मान और कल्याण सेना की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

मेजर जनरल अमरीश गुंजन ने कहा कि यह रैली केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं बल्कि वर्तमान सेना और पूर्व सैनिकों के बीच विश्वास, सम्मान और एकजुटता का प्रतीक है। उन्होंने पूर्व सैनिकों को आश्वस्त किया कि सेना हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ी है। रैली के दौरान केंद्रीय सैनिक बोर्ड, राज्य सैनिक बोर्ड और जिला सैनिक बोर्ड की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी दी गई। साथ ही पूर्व सैनिकों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए उनके समाधान का भरोसा दिया गया। कार्यक्रम में मौजूद पूर्व सैनिकों ने सेना के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे सैनिक परिवारों को जोड़ने और उनके हितों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *