प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम के उपाध्यक्ष अनुराग शर्मा ने भाजपा पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि अपने कार्यकाल में कर्मचारियों के एरियर और वित्तीय देनदारियों का भुगतान न कर पाने वाली भाजपा आज कर्मचारी हितैषी होने का दिखावा कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीति केवल कर्मचारियों को भ्रमित करने और गुमराह करने का प्रयास है।
सोमवार को जारी बयान में अनुराग शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है तथा चुनावों के दौरान किए गए वादों को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि वर्ष 2017 से 2022 के बीच केंद्र सरकार से हिमाचल को मिली हजारों करोड़ रुपये की सहायता राशि के बावजूद कर्मचारियों के एरियर और अन्य वित्तीय देनदारियों का भुगतान क्यों नहीं किया गया।
उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और भाजपा नेतृत्व से अपने शासनकाल का लेखा-जोखा जनता के सामने रखने की मांग की। शर्मा ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की वित्तीय कुप्रबंधन की नीतियों का असर प्रदेश आज भी झेल रहा है।
अनुराग शर्मा ने कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) को लेकर अपने वचन पर कायम है और कर्मचारियों के हितों से कोई समझौता नहीं करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा कर्मचारियों को बांटने की राजनीति कर रही है, लेकिन प्रदेश के कर्मचारी और आम जनता अब वास्तविकता को समझ चुके हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा की यह राजनीतिक रणनीति प्रदेश में सफल नहीं होगी और कर्मचारी वर्ग कांग्रेस सरकार की नीतियों पर भरोसा बनाए रखेगा।
सोलन : भाजपा कर्मचारियों को गुमराह करने में जुटी, एरियर रोकने वालों को जवाब देना चाहिए: अनुराग शर्मा