सोलन। मां शूलिनी के पावन मेले को लेकर पूरे सोलन में उत्साह का माहौल है। स्थानीय श्रद्धालुओं का कहना है कि इस बार भी शहर को मां के स्वागत के लिए विशेष रूप से सजाया जा रहा है। मंदिर परिसर में सफेदी और सजावट का कार्य तेजी से चल रहा है, जबकि मॉल रोड और अन्य प्रमुख स्थानों को भी आकर्षक स्वरूप दिया जा रहा है। श्रद्धालुओं के अनुसार, मां शूलिनी का मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि सोलन की पहचान और आस्था का सबसे बड़ा पर्व है, जिसका सभी लोग पूरे वर्ष इंतजार करते हैं।
श्रद्धालुओं ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में मेले की लोकप्रियता और भव्यता लगातार बढ़ी है तथा अब देशभर से लाखों श्रद्धालु मां के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। उनका कहना है कि 26 से 28 जून तक आयोजित होने वाले इस मेले के दौरान पूरे शहर में भक्ति का वातावरण रहता है। जगह-जगह भंडारे, धार्मिक कार्यक्रम और सुंदर झांकियां लोगों को आकर्षित करती हैं। श्रद्धालुओं के अनुसार माता शूलिनी का डोला मेले का सबसे बड़ा आकर्षण होता है, जिसकी एक झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में भक्त उमड़ पड़ते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन इस बार श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बेहतर व्यवस्थाएं करेगा ताकि सभी भक्त मां के दर्शन सहजता से कर सकें। श्रद्धालुओं ने विश्वास व्यक्त किया कि मां शूलिनी की कृपा से सोलन और यहां आने वाले सभी श्रद्धालुओं
पर सुख, शांति और समृद्धि बनी रहेगी।