श्री श्याम परिवार सोलन द्वारा शुक्रवार को एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष त्रिलोक अग्रवाल ने की। इस अवसर पर उन्होंने आगामी 20 जून को आयोजित होने वाली भव्य नगर परिक्रमा एवं विशाल निशान यात्रा की विस्तृत जानकारी साझा करते हुए बताया कि यह आयोजन केवल एक धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि भक्ति, सेवा, प्रेम और मानवता का महोत्सव है। उन्होंने कहा कि कलयुग में बाबा श्याम अपने भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करने वाले देव हैं और उनकी कृपा से ही जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का संचार होता है। निशान यात्रा दोपहर 2 बजे पुराने बस अड्डा सोलन से आरंभ होगी तथा नगर के विभिन्न मार्गों से होकर निकलेगी। यात्रा के दौरान श्रद्धालु हाथों में श्याम निशान लेकर बाबा के जयकारों और भजनों के साथ पूरे शहर को भक्तिमय वातावरण में सराबोर करेंगे।
त्रिलोक अग्रवाल ने बताया कि आयोजन को सफल बनाने के लिए श्याम परिवार के सदस्य और स्वयंसेवक कई दिनों से तैयारियों में जुटे हुए हैं। यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं के लिए जलपान, चिकित्सा सहायता एवं अन्य सुविधाओं की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने समस्त नगरवासियों से आग्रह किया कि वे परिवार सहित इस पुण्य अवसर पर शामिल होकर बाबा श्याम का आशीर्वाद प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में भाईचारा, संस्कार और सेवा भावना को मजबूत करते हैं तथा लोगों को धर्म और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। बाबा श्याम की भक्ति से ओत-प्रोत यह निशान यात्रा निश्चित रूप से श्रद्धा, समर्पण और आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुपम संगम साबित होगी।