सोलन: कैथली में शुरू हुई दूसरी प्री-स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप

हिमाचल प्रदेश स्टेट राइफल एसोसिएशन (एचपीएसआरए) के तत्वावधान में दूसरी हिमाचल प्रदेश प्री-स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप 2026 का शुभारंभ शुक्रवार को शिमला के कैथली में हुआ। प्रतियोगिता का आयोजन 12 से 15 जून तक किया जा रहा है, जिसमें राइफल स्मॉल बोर तथा पिस्टल वर्ग के मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं।

एचपीएसआरए के महासचिव ईश्वर रोहाल ने बताया कि यह प्रतियोगिता 31वीं हिमाचल प्रदेश स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप 2026 में भाग लेने के लिए अनिवार्य है। केवल एचपीएसआरए में पंजीकृत अथवा हिमाचल प्रदेश के पात्र निशानेबाज ही इसमें हिस्सा ले सकते हैं। सभी मुकाबले व्यक्तिगत वर्ग में आयोजित किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि 10 मीटर राइफल एवं पिस्टल स्पर्धाएं इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, शिमला में 12 से 14 जून तक आयोजित होंगी। वहीं 50 मीटर राइफल, 50 मीटर पिस्टल तथा 25 मीटर पिस्टल प्रतियोगिताएं कैथलीघाट में 12 से 15 जून तक चलेंगी।

ईश्वर रोहाल ने कहा कि प्रतियोगिता के लिए सभी प्रविष्टियां केवल नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एनआरएआई) के ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से ही स्वीकार की जा रही हैं। किसी भी प्रकार की ऑफलाइन अथवा पेपर एंट्री मान्य नहीं होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *