सोलन में नगर निगम के महत्वाकांक्षी ‘नक्शा’ डिजिटल सर्वे अभियान को उस समय झटका लगा जब बसाल पत्ती जराश क्षेत्र में सर्वे के लिए पहुंची टीम को कुछ स्था
नीय लोगों के विरोध और अभद्र व्यवहार का सामना करना पड़ा। स्थिति ऐसी बनी कि सर्वे टीम को अपना कार्य बीच में ही छोड़कर वापस लौटना पड़ा।घटना के बाद नगर निगम आयुक्त एकता काप्टा ने शहरवासियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यह परियोजना भविष्य में नागरिकों के लिए बेहद लाभदायक साबित होगी। उन्होंने बताया कि ‘नक्शा’ कार्यक्रम के तहत शहर की सभी जमीनों और भवनों का आधुनिक तकनीक से डिजिटल सर्वे किया जा रहा है। इसके माध्यम से संपत्तियों का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार होगा, जिसमें जमीन और भवन दोनों का विवरण एक साथ उपलब्ध रहेगा। भविष्य में नागरिक अपने मोबाइल फोन पर ही अपनी संपत्ति से जुड़ी पूरी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
आयुक्त ने कहा कि लोगों की सतर्कता स्वागत योग्य है, लेकिन सर्वे टीम के साथ सहयोग करना भी जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि टीम में शामिल सभी अधिकारी और कर्मचारी अधिकृत हैं तथा उनके पास पहचान पत्र मौजूद हैं। सोलन को इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए पायलट सिटी चुना गया है। ऐसे में नगर निगम ने लोगों से अपील की है कि वे सर्वे टीम को आवश्यक जानकारी और सहयोग प्रदान करें ताकि शहर आधुनिक डिजिटल रिकॉर्ड व्यवस्था का लाभ उठा सके।