सोलन में वैश्य समाज और अग्रवाल सभा द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सफल कार्यकाल के उपलक्ष्य में एक विशेष कार्यक्रम और प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश की उपलब्धियों का स्वागत करना तथा उनकी दीर्घायु और उज्ज्वल भविष्य की कामना करना था।इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लंबी आयु और निरंतर सफल नेतृत्व के लिए विशेष हवन का आयोजन किया गया। हवन में समाज के गणमान्य सदस्यों ने भाग लिया और देश की प्रगति तथा समृद्धि के लिए प्रार्थना की।
प्रेस वार्ता की अध्यक्षता रमेश बंसल और दिनेश गर्ग ने की। वहीं हाल ही में नगर निगम सोलन की नवनिर्वाचित पार्षद प्रियंका अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने इस अवसर पर प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश के विकास कार्यों की सराहना करते हुए समाज की एकजुटता को महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि वैश्य समाज और अग्रवाल समाज का जनसंघ तथा भारतीय जनता पार्टी के साथ ऐतिहासिक जुड़ाव रहा है। उन्होंने बताया कि पार्टी की स्थापना के शुरुआती दौर से ही समाज ने संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और आज भी पूरी निष्ठा के साथ उसके साथ खड़ा है।समाज के प्रतिनिधियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके सफल कार्यकाल के लिए बधाई देते हुए कहा कि देश ने उनके नेतृत्व में अनेक क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में भी देश विकास और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित करेगा।