जटोली के समीप एक तीखे मोड़ पर लापरवाही से की गई ओवरटेकिंग के कारण बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। घटना में सड़क किनारे खड़े तीन वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि ट्रक चालक की सूझबूझ से संभावित बड़ी दुर्घटना और जनहानि टल गई। हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक पिकअप चालक तेज रफ्तार में वाहन चलाते हुए गलत दिशा में ओवरटेक करने लगा और पूरी सड़क घेरते हुए सामने वाली लेन में पहुंच गया। उसी दौरान सामने से एक ओवरलोड ट्रक आ रहा था। अचानक सामने वाहन आने से ट्रक चालक के सामने गंभीर स्थिति पैदा हो गई। यदि ट्रक चालक समय रहते निर्णय नहीं लेता तो आमने-सामने की भीषण टक्कर हो सकती थी।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ट्रक चालक ने वाहन को दूसरी ओर मोड़ दिया। इससे सीधी टक्कर तो टल गई, लेकिन ट्रक सड़क किनारे खड़े तीन वाहनों से टकरा गया, जिससे वे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की शुरुआत पिकअप चालक की लापरवाही से हुई, लेकिन वह हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। लोगों ने ट्रक चालक की समझदारी की सराहना करते हुए कहा कि उसकी तत्परता के कारण कई लोगों की जान बच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से फरार पिकअप चालक की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि सड़कों पर खतरनाक ओवरटेकिंग की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाना समय की जरूरत है, ताकि भविष्य में बड़े हादसों को रोका जा सके |