हिमाचल पथ परिवहन पेंशनर्स कल्याण संगठन, सोलन इकाई की मासिक बैठक सोमवार को अध्यक्ष प्रेम सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में संगठन के महासचिव जगदीश ठाकुर ने हाल ही में मुख्यमंत्री के साथ हुई वार्ता और पेंशनर्स की लंबित मांगों पर विस्तार से जानकारी दी।
बैठक में बताया गया कि लंबे समय से पेंशनर्स सरकार और प्रबंधन के रवैये से असंतुष्ट थे, क्योंकि कई घोषणाओं के बावजूद उनकी मांगों का समाधान नहीं हो पाया था। हालांकि, 7 जून को सचिवालय में मुख्यमंत्री के साथ संयुक्त संघर्ष समिति की बैठक के बाद पेंशनर्स को कुछ राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
महासचिव जगदीश ठाकुर ने बताया कि मुख्यमंत्री ने चिकित्सा बिलों के भुगतान के लिए 20 करोड़ रुपये जारी करने के निर्देश दिए हैं, जिसमें 11 करोड़ रुपये पेंशनर्स और 9 करोड़ रुपये कर्मचारियों के लिए निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा प्रत्येक माह पेंशन भुगतान सुनिश्चित करने के लिए 23 करोड़ रुपये की अलग ग्रांट जारी करने पर भी सहमति बनी है। लीव एनकैशमेंट, ग्रेच्युटी, रात्रि भत्ता और ओवरटाइम से जुड़े लंबित मामलों को भी प्राथमिकता के आधार पर निपटाने का आश्वासन दिया गया है।
उन्होंने कहा कि संगठन फिलहाल ‘वेट एंड वॉच’ की नीति पर चल रहा है। जब तक घोषणाओं की लिखित प्रक्रिया पूरी नहीं होती और निर्णय धरातल पर लागू नहीं होते, तब तक 18 जून से प्रस्तावित अनिश्चितकालीन आंदोलन और मुख्यालय घेराव का कार्यक्रम यथावत रहेगा।
बैठक में मुख्य सलाहकार अशोक वर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राम गोपाल भारद्वाज, कानूनी सलाहकार गोपाल सिंह ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे। संगठन ने स्पष्ट किया कि यदि एक माह के भीतर सकारात्मक परिणाम नहीं मिले तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।