सब्जी मंडी में टमाटर और फ्रांस बीन के दामों में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे किसानों के चेहरों पर खुशी लौट आई है। मंडी कारोबारियों का मानना है कि आने वाले दिनों में भी टमाटर के भाव मजबूत बने रह सकते हैं, जिससे उत्पादकों को बेहतर आमदनी मिलने की संभावना है।
मंडी के शॉप नंबर-48 के विक्रेता संकेश शर्मा ने बताया कि सोमवार को फ्रांस बीन 86 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव से बिकी। मंडी में यह फसल मुख्य रूप से सिरमौर और आसपास के स्थानीय क्षेत्रों से पहुंच रही है। वहीं टमाटर के दामों में भी बड़ा उछाल देखने को मिला। उन्होंने बताया कि उनकी दुकान पर करीब 30 क्रेट टमाटर पहुंचे, जिनका भाव 450 रुपये से लेकर 750 रुपये प्रति क्रेट तक रहा।
संकेश शर्मा के अनुसार बीते दिन की तुलना में टमाटर के दामों में 150 से 200 रुपये प्रति क्रेट तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि निचले राज्यों से टमाटर की आवक कम होने के कारण स्थानीय टमाटर की मांग बढ़ गई है। मांग और आपूर्ति के बीच बढ़ते अंतर का सीधा असर बाजार भाव पर दिखाई दे रहा है।
उन्होंने किसानों को सलाह देते हुए कहा कि सब्जियों की ग्रेडिंग और पैकिंग पर विशेष ध्यान देना चाहिए। अच्छी गुणवत्ता और उचित ग्रेडिंग वाले टमाटर मंडी में अधिक कीमत पर बिकते हैं, जबकि बिना छंटाई या कम गुणवत्ता वाले उत्पादों को अपेक्षाकृत कम भाव मिलते हैं।
मंडी कारोबारियों का मानना है कि यदि स्थानीय उत्पादन की गुणवत्ता बेहतर रही तो किसानों को आने वाले दिनों में भी अच्छे दाम मिल सकते हैं, जिससे क्षेत्र की बागवानी और सब्जी उत्पादक अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।