सोलन सब्जी मंडी में फसलों की बंपर आवक, लहसुन-बीन के दामों में 40 फीसदी तक उछाल

कृषि उपज मंडी समिति (एपीएमसी) सोलन में इस वर्ष सब्जियों की बेहतर आवक और बढ़े हुए बाजार भाव किसानों के लिए राहत और खुशी का कारण बने हैं। एपीएमसी सोलन के सचिव राघव सूद ने बताया कि मौजूदा विपणन सीजन में प्रमुख फसलों के दाम और आवक दोनों ही पिछले वर्ष की तुलना में बेहतर रहे हैं, जिससे उत्पादकों को अच्छा आर्थिक लाभ मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि इस सीजन में अब तक सोलन सब्जी मंडी में लगभग 10 हजार क्विंटल लहसुन की आवक दर्ज की गई है। लहसुन का मॉडल मूल्य 90 रुपये प्रति किलोग्राम रहा, जबकि अच्छी गुणवत्ता वाले लहसुन को अधिकतम 150 रुपये प्रति किलोग्राम तक कीमत मिली। इसी प्रकार बीन की करीब 5,300 क्विंटल आवक हुई है। बीन का मॉडल मूल्य 82 रुपये प्रति किलोग्राम रहा और इसका अधिकतम भाव 85 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंचा।
राघव सूद ने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार लहसुन और बीन के दामों में 30 से 40 प्रतिशत तक की वृद्धि दर्ज की गई है। इसके अलावा इन फसलों की आवक में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी देखने को मिली है।
मंडी में हरे मटर की आवक फरवरी-मार्च से शुरू हुई थी और अब तक 20 हजार क्विंटल से अधिक मटर मंडी पहुंच चुका है। मटर का मॉडल मूल्य 45 रुपये प्रति किलोग्राम रहा, जबकि किसानों को अधिकतम 60 रुपये प्रति किलोग्राम तक कीमत प्राप्त हुई।
उन्होंने बताया कि टमाटर की आवक भी अब शुरू हो चुकी है। शुरुआती दौर में किसानों को टमाटर के लिए करीब 500 रुपये प्रति क्रेट का भाव मिल रहा है। एपीएमसी सचिव ने उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में टमाटर की आवक बढ़ने के साथ किसानों को लाभकारी मूल्य मिलते रहेंगे और मंडी में कारोबार और अधिक गति पकड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *