सोलन नगर निगम चुनाव के नतीजों के बाद सोलन की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल का इस्तीफा मांगने वाले भाजपा शहरी मंडल अध्यक्ष शैलेंद्र गुप्ता को कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता अमन सेठी ने आड़े हाथों लिया है। सेठी ने कहा कि दूसरों की जवाबदेही तय करने से पहले भाजपा नेताओं को अपने राजनीतिक प्रदर्शन का हिसाब जनता को देना चाहिए। अमन सेठी ने तंज कसते हुए कहा कि जिस नेता का अपना वार्ड भाजपा के हाथ से निकल गया हो, वह मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान भाजपा नेतृत्व अपने ही गढ़ में जनता का विश्वास बनाए रखने में विफल रहा और अब हार की निराशा को राजनीतिक बयानबाजी से ढकने की कोशिश की जा रही है।
अमन सेठी ने कहा कि कांग्रेस जनता के जनादेश का सम्मान करती है, जबकि भाजपा हर चुनावी परिणाम के बाद इस्तीफे मांगने की राजनीति करती है। उन्होंने भाजपा को सलाह दी कि वह पहले आत्ममंथन करे कि आखिर संगठन अपने मजबूत माने जाने वाले क्षेत्रों में भी अपेक्षित प्रदर्शन क्यों नहीं कर पाया। कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि यदि भाजपा को जवाबदेही की इतनी ही चिंता है तो उसे राष्ट्रीय स्तर पर युवाओं के भविष्य से जुड़े विवादों और परीक्षा प्रणाली पर उठ रहे सवालों पर भी उतनी ही गंभीरता दिखानी चाहिए। नगर निगम चुनाव के बाद सोलन की सियासत अब और गर्माने लगी है।