व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की बढ़ती कीमतों और समय पर आपूर्ति न मिलने से सोलन के छोटे कारोबारियों की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। होटल, ढाबा और खाद्य सामग्री से जुड़े व्यवसाय संचालकों का कहना है कि गैस संकट के कारण उनका बजट बिगड़ गया है और कारोबार प्रभावित हो रहा है।
मुरारी मार्केट के सामने स्थित शेर-ए-पंजाब होटल की संचालिका संजना ने बताया कि व्यावसायिक गैस सिलेंडरों के दाम बढ़ने से होटल संचालन की लागत में लगातार वृद्धि हो रही है। उन्होंने कहा कि हाल ही में सिलेंडर के दामों में हुई बढ़ोतरी के कारण उन्हें अपने होटल के मेन्यू में बदलाव करना पड़ा है। इसके चलते कई पुराने ग्राहक नाराजगी भी जता रहे हैं। संजना के अनुसार बढ़ती लागत का सीधा असर कारोबार पर पड़ रहा है और लाभ के बजाय घाटे की स्थिति बन रही है।
वहीं, स्टॉल संचालक मनोज कुमार ने गैस सिलेंडरों की आपूर्ति में हो रही देरी को बड़ी समस्या बताया। उन्होंने कहा कि पहले जहां सिलेंडर आसानी से उपलब्ध हो जाते थे, वहीं अब कई दिनों तक इंतजार करना पड़ रहा है। समय पर सिलेंडर नहीं मिलने के कारण खाद्य सामग्री तैयार करने में दिक्कतें आ रही हैं और कारोबार प्रभावित हो रहा है।
मनोज कुमार ने बताया कि हाल ही में गैस उपलब्ध न होने के कारण उन्हें दो दिन तक अपनी दुकान बंद रखनी पड़ी, जिससे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। उनका कहना है कि सप्लाई व्यवस्था में सुधार नहीं होने पर छोटे कारोबारियों के सामने आजीविका का संकट और गहरा सकता है।
स्थानीय कारोबारियों ने सरकार और संबंधित विभागों से गैस सिलेंडरों की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा बढ़ती कीमतों पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो छोटे व्यवसायों पर इसका गंभीर असर पड़ सकता है।
सोलन: गैस सिलेंडरों के बढ़ते दाम और सप्लाई संकट से परेशान छोटे कारोबारी, कारोबार पर पड़ रहा प्रतिकूल असर