सोलन (कसौली/टकसाल पंचायत): जिला परिषद चुनाव में उतरे ध्यान सिंह, गांवों की मूलभूत समस्याओं को बनाया मुद्दा

जिला परिषद वार्ड नंबर-9 से चुनाव मैदान में उतरे सेवानिवृत्त तहसीलदार ध्यान सिंह इन दिनों क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा कर जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं। इस दौरान वे लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुन रहे हैं और क्षेत्र के विकास को अपनी प्राथमिकता बता रहे हैं।
जनसंपर्क अभियान के दौरान ध्यान सिंह ने कहा कि वार्ड के कई गांव आज भी सड़क, पानी और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं। उन्होंने बताया कि कई स्थानों पर पक्के रास्ते तक उपलब्ध नहीं हैं, जिसके कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। बीमार लोगों को अस्पताल तक पहुंचाना और निर्माण सामग्री गांव तक ले जाना बेहद कठिन कार्य बन गया है।
उन्होंने एक उदाहरण देते हुए बताया कि हाल ही में वे एक ऐसे व्यक्ति से मिले जिसकी टांग कटी हुई है, लेकिन सड़क सुविधा न होने के कारण उसे इलाज के लिए पीजीआई जाने में गंभीर दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ध्यान सिंह ने कहा कि क्षेत्र में पानी की समस्या भी लगातार बढ़ रही है। सुयोल और काटली जैसे गांवों में कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के कारण लोगों का जीवन संघर्षपूर्ण बना हुआ है। कई गांवों तक पहुंचने के लिए घंटों पैदल चलना पड़ता है, जो आज के समय में चिंता का विषय है।
उन्होंने अपने प्रशासनिक अनुभव का हवाला देते हुए कहा कि वे शासन और सरकारी कार्यप्रणाली को भली-भांति समझते हैं। यदि जनता उन्हें मौका देती है तो वे जिला परिषद की बैठकों में इन समस्याओं को प्रमुखता से उठाकर उनके स्थायी समाधान का प्रयास करेंगे। उन्होंने लोगों से समर्थन की अपील करते हुए कहा कि उनका उद्देश्य राजनीति नहीं, बल्कि जनसेवा और क्षेत्र का समग्र विकास है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *