सोलन/बड़ोग: विकास कार्यों के दम पर बीडीसी चुनाव मैदान में उतरे सुनील कश्यप

बड़ोग पंचायत के पूर्व प्रधान सुनील कश्यप ने खंड विकास समिति (बीडीसी) सदस्य पद के लिए चुनावी मैदान में उतरते हुए विकास को अपना मुख्य मुद्दा बनाया है। वर्ष 2010 में उप-प्रधान और 2021 से 2026 तक प्रधान रहे सुनील कश्यप अपने पांच वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच पहुंच रहे हैं।
सुनील कश्यप ने कहा कि वे केवल वादे नहीं कर रहे, बल्कि अपने कार्यों के आधार पर लोगों से समर्थन मांग रहे हैं। उनके कार्यकाल में बड़ोग पंचायत में प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट स्थापित की गई, जहां लगभग 36 पंचायतों का सूखा कूड़ा वैज्ञानिक तरीके से निष्पादित किया जा रहा है। इस परियोजना से पंचायत को राजस्व भी प्राप्त हो रहा है, जिसमें पंचायत की 40 प्रतिशत हिस्सेदारी है।
उन्होंने युवाओं के लिए विशाल खेल मैदान का निर्माण करवाया, जबकि महिला सशक्तिकरण के तहत 23 स्वयं सहायता समूहों की 272 महिलाओं को प्रशिक्षण देकर उन्हें मशीनें उपलब्ध करवाई गईं। शिक्षा क्षेत्र में विभिन्न स्कूलों का सौंदर्यकरण तथा आंगनबाड़ी भवनों का निर्माण और जीर्णोद्धार भी करवाया गया।
इसके अलावा पंचायत में कई एम्बुलेंस सड़कों का निर्माण कर ग्रामीण संपर्क व्यवस्था मजबूत की गई। सुनील कश्यप का कहना है कि यदि जनता उन्हें बीडीसी सदस्य चुनती है तो वे क्षेत्र में विकास की गति को और तेज करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *