सोलन में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, गुमनाम शहीदों को किया नमन

सोलन के ऐतिहासिक ठोडो मैदान में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। जिला स्तरीय समारोह में स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की और राष्ट्रीय ध्वज फहराकर मार्च पास्ट की सलामी ली। इस दौरान पूरा मैदान देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
समारोह को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि देश की आजादी अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों, सैनिकों और आम लोगों के त्याग, तपस्या और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने कहा कि आजादी के इस पावन अवसर पर उन सभी ज्ञात और अज्ञात वीरों को नमन करना हमारा कर्तव्य है, जिन्होंने राष्ट्र के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।
शांडिल ने अपने सेवा काल का उल्लेख करते हुए कोलकाता स्थित फोर्ट विलियम के ‘अननोन वॉरियर’ स्मारक का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि युद्धों और आंदोलनों में ऐसे अनेक वीर रहे हैं, जिनके नाम इतिहास या सरकारी अभिलेखों में दर्ज नहीं हो सके। ऐसे गुमनाम नायकों का योगदान भी देश के लिए उतना ही महत्वपूर्ण है और उन्हें हमेशा सम्मान के साथ याद किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि भारत का स्वतंत्रता संग्राम कोई सीमित या छोटी अवधि का संघर्ष नहीं था। यह वर्षों तक चलने वाला निरंतर आंदोलन था, जिसमें देश के अनेक नेताओं, क्रांतिकारियों, कार्यकर्ताओं और वीरांगनाओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अनेक लोगों ने स्वतंत्रता की खातिर अपने प्राणों की आहुति दी।
समारोह में विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। स्वास्थ्य मंत्री ने शानदार आयोजन के लिए जिला प्रशासन, डीसी और एसपी सहित सभी अधिकारियों का आभार जताया
इस अवसर पर अर्की के विधायक संजय अवस्थी, कसौली के विधायक विनोद सुल्तानपुरी और नालागढ़ के विधायक हरदीप बाबा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। शांडिल ने स्वतंत्रता दिवस के संदेश को प्रदेश के हर गांव और हर व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *