नलगोंडा (तेलंगाना)। अखिल भारतीय किसान सभा (एआईकेएस) का 36वां अखिल भारतीय सम्मेलन 18 नवंबर को तेलंगाना के नलगोंडा में संपन्न होगा। 15 नवंबर से शुरू हुए चार दिवसीय सम्मेलन में देश के 30 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से करीब 1300 प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सम्मेलन की शुरुआत किसानों के विशाल जुलूस के साथ हुई। इस दौरान देशभर के किसानों की समस्याओं, कृषि नीतियों और संगठन की आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
हिमाचल किसान सभा के जिला अध्यक्ष नीतिश ठाकुर ने बताया कि किसान सभा ने वर्ष 2026 में अपने गठन के 90 वर्ष पूरे किए हैं। संगठन ने स्वतंत्रता आंदोलन सहित कई ऐतिहासिक किसान आंदोलनों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने तेलंगाना सशस्त्र किसान संघर्ष, तेभागा आंदोलन और हिमाचल के मुजारा आंदोलन का विशेष उल्लेख किया।
उन्होंने बताया कि किसान सभा 26 नवंबर को देश के सभी जिलों में किसानों की मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन करेगी। इसमें प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए), किसान विरोधी बीज विधेयक और कृषि योजनाओं के बजट में कटौती का विरोध किया जाएगा।
सम्मेलन में हिमाचल प्रदेश से 14 प्रतिनिधियों ने भाग लेकर प्रदेश के किसानों के मुद्दे उठाए। अंतिम सत्र में राष्ट्रीय कमेटी का चयन भी किया जाएगा।
नलगोंडा में किसान सभा का 36वां राष्ट्रीय सम्मेलन संपन्न, 26 नवंबर को देशव्यापी प्रदर्शन का ऐलान