सोलन। जिले में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या पर नियंत्रण पाने और रेबीज जैसी घातक बीमारी से बचाव के लिए पशुपालन विभाग तथा स्थानीय निकायों की ओर से व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत कुत्तों का टीकाकरण और नसबंदी की जा रही है। पशुपालन विभाग सोलन के उपनिदेशक डॉ. अनीश कुमार ने अभियान से संबंधित आंकड़े साझा किए।
डॉ. अनीश कुमार के अनुसार इस वर्ष जिले में कुल 5636 कुत्तों को प्रिवेंटिव रेबीज वैक्सीन लगाई जा चुकी है। उन्होंने बताया कि यह टीकाकरण कुत्तों को रेबीज संक्रमण से बचाने के उद्देश्य से किया जाता है। हालांकि इससे कुत्तों के काटने की प्रवृत्ति समाप्त नहीं होती, लेकिन टीकाकरण होने से रेबीज संक्रमण का खतरा कम किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि आवारा कुत्तों की आबादी नियंत्रित करने के लिए जिले में इस वर्ष अब तक 900 कुत्तों की नसबंदी की गई है। इनमें से 825 कुत्तों की नसबंदी सोलन नगर निगम क्षेत्र के एबीसी सेंटर में की गई है। नसबंदी के बाद कुत्तों की पहचान के लिए मार्किंग कर उन्हें वापस उनके मूल क्षेत्र में छोड़ा जाता है। इस प्रक्रिया की जिम्मेदारी संबंधित शहरी निकायों की होती है।
विभाग के आंकड़ों के अनुसार इस वर्ष जिले में आवारा कुत्तों ने 406 पालतू पशुओं को काटा है। इन सभी पशुओं को विभाग की ओर से समय पर पोस्ट-बाइट रेबीज वैक्सीन उपलब्ध करवाई गई है।
डॉ. अनीश कुमार ने बताया कि रेबीज वैक्सीन का प्रभाव अधिकतम दो वर्षों तक रहता है। ऐसे में कुत्तों को संक्रमण से सुरक्षित रखने के लिए हर वर्ष टीकाकरण करवाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि रेबीज से बचाव के लिए नियमित टीकाकरण और कुत्तों की आबादी पर नियंत्रण बेहद आवश्यक है।