सोलन। शिमला में बच्चे पर कुत्ते के हमले की घटना के बाद सोलन में भी आवारा और पालतू कुत्तों की देखरेख तथा उनके पंजीकरण को लेकर नगर निगम ने लोगों को जागरूक करना शुरू कर दिया है। नगर निगम सोलन के वार्ड नंबर 12 की पार्षद प्रियंका अग्रवाल ने शहरवासियों से कुत्तों का पंजीकरण करवाने और उनकी उचित देखभाल सुनिश्चित करने की अपील की है।
प्रियंका अग्रवाल ने कहा कि कुत्तों को पालना या उन्हें खाना खिलाना गलत नहीं है, लेकिन पशु प्रेम के साथ जिम्मेदारी निभाना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि पशुओं को संरक्षण देने वाले लोग यह सुनिश्चित करें कि उनकी वजह से किसी बच्चे, बुजुर्ग, महिला या अन्य व्यक्ति को परेशानी अथवा नुकसान न पहुंचे। उन्होंने पशु प्रेमियों और समाजसेवियों से अपील की कि वे कुत्तों को खाना खिलाने के साथ उनकी सुरक्षा और देखभाल की जिम्मेदारी भी निभाएं।
उन्होंने कहा कि चाहे पालतू कुत्ता हो या गली में रहने वाला कुत्ता, उसका नगर निगम में पंजीकरण करवाना आवश्यक है। पंजीकरण होने से नगर निगम के पास शहर में मौजूद कुत्तों की संख्या का सही आंकड़ा उपलब्ध रहेगा। इसके साथ ही उनके टीकाकरण की जानकारी भी जुटाने में मदद मिलेगी।
पार्षद ने कहा कि नगर निगम की ओर से इस दिशा में लगातार डेटा एकत्र किया जा रहा है और लोगों को आवश्यक सहयोग भी दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कुत्तों की देखभाल करने वाले लोग उन्हें अपने घर में रखें तथा उनका नियमानुसार पंजीकरण करवाएं।
प्रियंका अग्रवाल ने चेतावनी दी कि बिना पंजीकरण के कुत्ते पाए जाने पर नगर निगम के नियमों के तहत संबंधित व्यक्ति का चालान किया जा सकता है। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे किसी कार्रवाई का इंतजार करने के बजाय समय रहते अपने कुत्तों का पंजीकरण करवाएं और नगर निगम के साथ सहयोग करें।