सोलन ब्लॉक की 39 पंचायतों के चुनाव को लेकर पीठासीन अधिकारियों का प्रशिक्षण आयोजित

सोलन: विकासखंड सोलन की 39 पंचायतों में होने वाले पंचायत चुनावों के सफल संचालन के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मंगलवार को टोडो ग्राउंड में पीठासीन अधिकारियों और पोलिंग अधिकारियों के लिए प्रथम प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया।
खंड विकास अधिकारी मंजुला कंवर ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया में पीठासीन अधिकारियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को मतदान केंद्र की स्थापना, निर्वाचन सामग्री की प्राप्ति, मतपेटी तैयार करने तथा मतदान समाप्ति तक की संपूर्ण प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।
उन्होंने बताया कि मतदान अभिकर्ताओं की नियुक्ति, मतदान केंद्र पर फोटोग्राफरों के प्रवेश संबंधी नियम तथा मतदाता सूची के चिन्हांकन की प्रक्रिया भी समझाई गई। पुरुष मतदाता के नाम को अंडरलाइन तथा महिला मतदाता के नाम के आगे टिक लगाने के निर्देश दिए गए।
मंजुला कंवर ने कहा कि पीठासीन अधिकारी की डायरी अत्यंत महत्वपूर्ण दस्तावेज है, जिसे पूरी सावधानी और सटीकता से भरना अनिवार्य है। प्रशिक्षण में चुनौती वाले मतों, आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने तथा मतदान के बाद मतपत्रों को सुरक्षित रखने की प्रक्रिया पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
उन्होंने बताया कि चुनाव ड्यूटी में तैनात कर्मचारी, जो सोलन ब्लॉक के मतदाता हैं, उन्हें अगली रिहर्सल में फॉर्म 28-क उपलब्ध करवाए जाएंगे, ताकि वे अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *