सोलन मंडी में टमाटर के दाम 450 रुपये प्रति क्रेट तक पहुंचे, किसानों को राहत

सोलन सब्जी मंडी में टमाटर सहित अन्य सब्जियों के दामों में इन दिनों तेजी देखने को मिल रही है। मंडी में टमाटर की मांग बढ़ने और आवक कम होने के कारण किसानों को आने वाले दिनों में अपनी उपज के बेहतर दाम मिलने की उम्मीद है। मंडी के व्यापारी और शॉप नंबर 24 के मालिक एएसए चाचा ने बाजार की मौजूदा स्थिति और आगामी दिनों के रुख को लेकर जानकारी साझा की।
उन्होंने बताया कि टमाटर के दाम में करीब 50 रुपये की तेजी आई है। कुछ समय पहले जो टमाटर 300 रुपये प्रति क्रेट के आसपास बिक रहा था, उसके दाम बढ़कर 400 से 450 रुपये प्रति क्रेट तक पहुंच गए हैं। उनका कहना है कि आगामी दिनों में टमाटर के दाम में 30 से 40 रुपये तक की और तेजी आने की संभावना है। दिल्ली मंडी में भी टमाटर के दाम में करीब 500 रुपये की तेजी दर्ज होने का असर सोलन मंडी के बाजार पर पड़ा है।
व्यापारी के अनुसार मंडी में टमाटर की आवक में करीब 75 प्रतिशत तक कमी आई है। वहीं, नासिक और बोर जैसी प्रमुख उत्पादक मंडियों में भी आपूर्ति सीमित बनी हुई है। आवक कम होने और मांग मजबूत रहने से बाजार में तेजी का रुख बना हुआ है। उन्होंने कहा कि यदि यही स्थिति आगे भी बनी रहती है तो किसानों को अपनी फसल के अच्छे दाम मिल सकते हैं।
टमाटर के अलावा मंडी में मिर्च की बिक्री भी बेहतर रही। मिर्च 30 से 40 रुपये प्रति किलोग्राम तक बिकी। उन्होंने किसानों को सलाह दी कि वे खड़ी फसल में समय पर आवश्यक दवाइयों का छिड़काव करें और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें। उनका कहना है कि मंडी में बेहतर गुणवत्ता वाला माल आने पर किसानों को अच्छे दाम मिलना तय है।
आगामी सीजन के बारे में उन्होंने कहा कि अगले वर्ष बाजार में कुछ चुनौतियां रह सकती हैं। बोर क्षेत्र की फसल समय से पहले आने से स्थानीय किसानों को प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि सब्जी बाजार में परिस्थितियां लगातार बदलती रहती हैं और किसानों के लिए बेहतर अवसर भी बन सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *