सोलन सब्जी मंडी में टमाटर के दाम गिरे, नासिक से बढ़ी आवक का असर

स्थानीय सब्जी मंडी में शुक्रवार को टमाटर सहित कई प्रमुख सब्जियों के दामों में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। मंडी के व्यापारी भीम सिंह ठाकुर ने बताया कि टमाटर की आवक बढ़ने से बाजार में कीमतों में गिरावट दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि पिछले दिन जहां अच्छी गुणवत्ता का टमाटर 400 से 450 रुपये प्रति क्रेट तक बिक रहा था, वहीं अब इसका भाव घटकर करीब 350 रुपये रह गया है। मीडियम गुणवत्ता का टमाटर 250 रुपये और छोटी क्वालिटी का टमाटर 50 से 60 रुपये प्रति क्रेट बिक रहा है।
उन्होंने बताया कि नासिक से बड़ी मात्रा में टमाटर की आवक होने के कारण स्थानीय मंडियों में आपूर्ति बढ़ गई है। इसी वजह से फिलहाल कीमतों में तेजी आने की संभावना कम दिखाई दे रही है। यदि बाहरी राज्यों से आवक इसी तरह बनी रही तो आने वाले दिनों में दामों में और नरमी आ सकती है।
मंडी में अन्य सब्जियों के भाव भी सामान्य रहे। शिमला मिर्च 30 से 37 रुपये प्रति किलो, जबकि बीन गुणवत्ता के अनुसार 20 से 50 रुपये प्रति किलो तक बिकी। वहीं लहसुन के बाजार में मजबूती बनी हुई है। अच्छी गुणवत्ता का लहसुन 180 से 190 रुपये प्रति किलो, मीडियम 160 से 170 रुपये तथा छोटी क्वालिटी का लहसुन 100 से 110 रुपये प्रति किलो के भाव पर बिक रहा है। बीज वाले लहसुन की कीमत 150 से 170 रुपये प्रति किलो दर्ज की गई।
व्यापारी भीम सिंह ठाकुर ने बताया कि मौसम और बाहरी राज्यों से होने वाली आवक के आधार पर आने वाले दिनों में सब्जियों के दामों में बदलाव संभव है। उन्होंने किसानों और व्यापारियों से बाजार की स्थिति को देखते हुए ही अपनी उपज मंडी में लाने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *