सोलन में टीबी उन्मूलन अभियान तेज, हर ब्लॉक में लगेंगे जांच शिविर

सोलन। जिले में क्षय रोग (टीबी) के उन्मूलन और मरीजों की बेहतर देखभाल के लिए स्वास्थ्य विभाग ने अभियान तेज करने की रणनीति तैयार की है। सीएमओ डॉ. अजय पाठक ने बताया कि टीबी समीक्षा बैठक में पिछले महीने की प्रगति की समीक्षा की गई। जिले में किसी एक क्षेत्र में टीबी मरीजों की असामान्य संख्या नहीं है, बल्कि मरीज विभिन्न क्षेत्रों में समान रूप से पाए जा रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग को छह हैंड-हेल्ड एक्स-रे मशीनें मिली हैं। अब प्रत्येक ब्लॉक में हर कार्य दिवस कम से कम एक जांच शिविर लगाया जाएगा। जरूरत पड़ने पर स्वास्थ्य टीमें घर-घर जाकर संदिग्ध मरीजों की पहचान करेंगी और बलगम की जांच करवाई जाएगी।
डॉ. पाठक ने बताया कि सोलन में टीबी मरीजों की मृत्यु दर प्रदेश में सबसे कम दरों में है। मृत्यु दर कम करने के लिए आवश्यक जांच और जरूरत पड़ने पर अस्पताल में भर्ती की व्यवस्था की जा रही है। मरीजों के संपर्क में आने वाले परिवार के सदस्यों की कांटेक्ट ट्रेसिंग कर उन्हें प्रीवेंटिव ट्रीटमेंट दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी स्वयं निक्षय मित्र बनकर मरीजों को पोषण संबंधी सहायता उपलब्ध करवाएंगे। जिले में हर छह माह में करीब एक हजार नए टीबी मरीज सामने आते हैं, जबकि सालाना यह संख्या करीब दो हजार रहती है। जिले में टीबी उपचार की सफलता दर 90 प्रतिशत से अधिक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *