सोलन जिला अस्पताल से चार विशेषज्ञ डॉक्टरों के तबादले को लेकर अनुसूचित जाति मोर्चा हिमाचल प्रदेश के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष तरसेम भारती ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने अस्पताल में चरमराती स्वास्थ्य सेवाओं पर चिंता जताते हुए सरकार से तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने की मांग की है।
तरसेम भारती ने कहा कि सोलन जिला अस्पताल जिले का प्रमुख चिकित्सा संस्थान है, लेकिन चार दिन पहले यहां से चार विशेषज्ञ डॉक्टरों का तबादला कर दिया गया। उनकी जगह अब तक किसी नए डॉक्टर की नियुक्ति नहीं की गई है। इससे मरीजों, गरीब परिवारों और स्थानीय लोगों को इलाज के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री से मामले में तुरंत हस्तक्षेप कर तबादले रद्द करने तथा अस्पताल में खाली पड़े अन्य पदों को 15 दिनों के भीतर भरने की मांग की। भारती ने चेतावनी दी कि यदि तय समय में सरकार ने ठोस कदम नहीं उठाए तो प्रदेशभर में बड़ा जन आंदोलन शुरू किया जाएगा।
उन्होंने सोलन में निर्माणाधीन नए अस्पताल भवन के काम में हो रही देरी पर भी सवाल उठाए। भारती ने कहा कि अस्पताल वर्ष 2025 में शुरू हो जाना चाहिए था, लेकिन अब तक इसके संचालन को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। उन्होंने निर्माण कार्य जल्द पूरा कर अस्पताल शुरू करने की मांग की।
मरीजों पर लगाए जा रहे पर्ची शुल्क का विरोध करते हुए भारती ने कहा कि भीड़ नियंत्रित करने के नाम पर मरीजों से शुल्क लेना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि सोलन अस्पताल में उनके विरोध के चलते यह शुल्क लागू नहीं हो पाया है। अन्य अस्पतालों में शुल्क लगाए जाने पर भी विरोध की चेतावनी दी।
सोलन अस्पताल से विशेषज्ञ डॉक्टरों के तबादले पर भड़के तरसेम भारती, 15 दिन में आंदोलन की चेतावनी