सब्जी मंडियों में टमाटर की कीमतों में एक बार फिर तेजी देखने को मिल रही है। दिल्ली की गाजीपुर मंडी में टमाटर का भाव बढ़कर करीब 700 रुपये प्रति माल तक पहुंच गया है। कुछ समय पहले यही भाव गिरकर करीब 400 रुपये प्रति माल तक पहुंच गया था। कीमतों में सुधार से किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है।
गाजीपुर मंडी के व्यापारी एस चाचा ने बताया कि वह पिछले 25 वर्षों से मंडी में टमाटर का कारोबार कर रहे हैं और मंडी की स्थापना के समय से ही यहां व्यापार कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि बेंगलुरु, नासिक और सोलन से टमाटर की आवक फिलहाल कम है, जिसके चलते बाजार में आपूर्ति प्रभावित हुई है और दामों में तेजी आई है।
उन्होंने बताया कि बारिश के कारण पहले टमाटर की कुछ खेप प्रभावित हुई थी और फल फटने की समस्या भी सामने आई थी। हालांकि अब मंडी में अच्छी गुणवत्ता का टमाटर पहुंच रहा है। आवक कम होने के कारण इसके भाव में सुधार देखने को मिल रहा है।
वहीं, मंडी में शिमला मिर्च के भाव भी गुणवत्ता के अनुसार 15 से 25 रुपये प्रति किलो तक चल रहे हैं। कारोबारियों के अनुसार आने वाले दिनों में आवक और मौसम की स्थिति के आधार पर सब्जियों के दामों में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।
सोलन : टमाटर के दामों में फिर आया उछाल, 700 रुपये तक पहुंचा भाव; शिमला मिर्च भी 25 रुपये किलो