सोलन। शहर के गुरुद्वारा सिंह सभा सपरून में श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व समस्त सिख संगत की ओर से श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गुरुद्वारा साहिब में धार्मिक समागम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर गुरु घर में माथा टेका और गुरु साहिब का आशीर्वाद प्राप्त किया। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने भी विशेष रूप से कार्यक्रम में शिरकत कर गुरु चरणों में शीश नवाया।
गुरुद्वारा सिंह सभा सपरून के हेड ग्रंथि गुरप्रीत सिंह ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में बच्चों के लिए विशेष गुरमत प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य बच्चों को सिख धर्म, गुरुओं के इतिहास और गुरबाणी की शिक्षाओं से जोड़ना रहा। प्रतियोगिताओं में बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिताओं के तहत विभिन्न गुरु साहिबान के चित्रों पर आधारित ड्राइंग एवं पेंटिंग प्रतियोगिता, गुरबाणी जाप और शब्द कीर्तन प्रतियोगिताएं करवाई गईं। बच्चों ने पूरे उत्साह और श्रद्धाभाव के साथ इन गतिविधियों में हिस्सा लिया। प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले सभी बच्चों को गुरुद्वारा साहिब की ओर से सम्मानित किया गया। साथ ही उन्हें भविष्य में भी धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया।
हेड ग्रंथि गुरप्रीत सिंह ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी ने पूरी मानवता को समानता, प्रेम, सेवा और भाईचारे का संदेश दिया। उनकी शिक्षाओं में ‘किरत करो, नाम जपो और वंड छको’ का विशेष महत्व है। इसका अर्थ है ईमानदारी से मेहनत करना, प्रभु का नाम सिमरन करना और अपनी कमाई को जरूरतमंदों के साथ बांटना।
उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं आज भी समाज को सही दिशा दिखाने का कार्य कर रही हैं। अंत में उन्होंने गुरुद्वारा सिंह सभा सपरून और समस्त संगत की ओर से सभी को प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं दीं।
सोलन : गुरुद्वारा सिंह सभा सपरून में श्रद्धा और उत्साह से मनाया श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व, बच्चों की गुरमत प्रतियोगिताएं रहीं आकर्षण का केंद्र