सोलन : 500 से अधिक प्रधानों-उपप्रधानों ने ली शपथ, कर्नल शांडिल बोले- पारदर्शिता और ईमानदारी से करें जनसेवा
जिला सोलन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में 500 से अधिक नवनिर्वाचित प्रधानों और उपप्रधानों ने अपने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। समारोह में कर्नल धनीराम शांडिल ने सभी जनप्रतिनिधियों को बधाई देते हुए उन्हें पारदर्शिता, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने का संदेश दिया। इस अवसर पर कसौली के विधायक विनोद सुल्तानपुरी और नालागढ़ के विधायक हरदीप सिंह बाबा भी उपस्थित रहे।
मीडिया से बातचीत में कर्नल शांडिल ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधि लोकतंत्र की पहली और सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार सांसद, विधायक और मंत्री जनता की सेवा का संकल्प लेते हैं, उसी प्रकार पंचायत प्रतिनिधियों की शपथ भी जनहित और विकास के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जनता ने जिन उम्मीदों के साथ उन्हें चुना है, उन अपेक्षाओं पर खरा उतरना उनकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।
उन्होंने नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों से वरिष्ठ नेताओं और अधिकारियों के अनुभवों से सीख लेने का आह्वान किया, ताकि वे विकास योजनाओं को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ा सकें। कर्नल शांडिल ने कहा कि पंचायतों को सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी की सराहना करते हुए उन्होंने इसे सकारात्मक बदलाव बताया। उन्होंने कहा कि महिलाएं ईमानदारी, कार्यशैली और जिम्मेदारी निभाने में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं तथा उनकी सक्रिय भागीदारी लोकतंत्र को और मजबूत करेगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि सभी नवनिर्वाचित प्रतिनिधि पारदर्शिता और जनसेवा की भावना के साथ कार्य कर ग्रामीण विकास को नई दिशा देंगे। BYTE – कर्नल धनीराम शांडिल