क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में डॉक्टरों के तबादले को लेकर मरीजों और स्थानीय लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है। लोगों का कहना है कि अस्पताल में पहले ही चिकित्सकों की कमी है और ऐसे में अनुभवी डॉक्टरों के स्थानांतरण से स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होंगी। स्थानीय लोगों ने सरकार से जनहित में डॉक्टरों के तबादले रोकने तथा अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की संख्या बढ़ाने की मांग की है।
जिला सिरमौर के धामला निवासी विद्यानंद ने बताया कि वह पिछले करीब 10 वर्षों से क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में उपचार करवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि डॉ. अनुज मरीजों के साथ आत्मीय व्यवहार करते हैं और गंभीरता से उनका उपचार करते हैं। उन्होंने बताया कि डॉ. अनुज के 15 दिनों के भीतर स्थानांतरण की जानकारी से मरीजों में चिंता है। उन्होंने सरकार से उनका तबादला रोकने की मांग की।
टैंक रोड सोलन निवासी विनोद कुमार गुप्ता ने अस्पताल में डॉक्टरों की कमी पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि कई दिनों से अस्पताल के चक्कर लगाने के बावजूद चिकित्सकों की उपलब्धता को लेकर परेशानी हो रही है। उन्होंने बताया कि डॉ. अनुज गुप्ता और हड्डियों से संबंधित उपचार कर रहे डॉ. आशीष शर्मा के तबादले की जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय अस्पताल में दूरदराज के राजगढ़ सहित अन्य क्षेत्रों से भी मरीज पहुंचते हैं। ऐसे में डॉक्टरों की कमी आम लोगों की परेशानी बढ़ा रही है।
देवठी निवासी विद्या दत्त ने भी डॉ. अनुज के तबादले का विरोध किया। उन्होंने कहा कि डॉ. अनुज मरीजों के प्रति बेहद समर्पित हैं और आवश्यकता पड़ने पर शाम तक मरीजों की जांच करते हैं। सांस, थायराइड सहित अन्य बीमारियों से पीड़ित कई मरीज नियमित रूप से उनसे उपचार करवाते हैं।
स्थानीय लोगों ने सरकार से मांग की है कि क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में चिकित्सकों की कमी दूर की जाए और जिन डॉक्टरों का तबादला किया गया है, उन्हें जनहित को देखते हुए यथासंभव वापस तैनात किया जाए। लोगों का कहना है कि बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की संख्या बढ़ाना जरूरी है।
सोलन : क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में डॉक्टरों के तबादले पर भड़का रोष, डॉ. अनुज को रोकने की मांग