जिला सोलन में वर्ष 2026 के लिए धान की खरीद प्रक्रिया को लेकर ऑनलाइन पंजीकरण शुरू हो गया है। किसानों के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया 15 सितंबर से शुरू की गई है। जिला नियंत्रक श्रवण कुमार ने बताया कि किसान धान बेचने के लिए एचपी ए ट्रिपल पी (HPA3P) या एग्री स्टैक (AgriStack) में से किसी भी ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपना पंजीकरण करवा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि जिन किसानों का पंजीकरण पहले से एग्री स्टैक पोर्टल पर है, उनका भूमि संबंधी डाटा पोर्टल पर स्वत: उपलब्ध हो जाएगा। ऐसे किसानों को भूमि सत्यापन के लिए पटवारी के पास जाने की आवश्यकता नहीं होगी। उन्हें केवल अपनी बैंक संबंधी जानकारी दर्ज करनी होगी।
वहीं, एचपी ए ट्रिपल पी पोर्टल के माध्यम से पंजीकरण करवाने वाले किसानों को पूर्व की तरह अपनी भूमि से संबंधित पूरी जानकारी उपलब्ध करवानी होगी। इसके बाद संबंधित पटवारी द्वारा भूमि का सत्यापन किया जाएगा।
जिला नियंत्रक के अनुसार वर्ष 2026 के लिए धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2461 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। यह पिछले वर्ष की तुलना में 72 रुपये अधिक है। किसानों से खरीदे जाने वाले धान के लिए जिला सोलन में दो प्रमुख खरीद केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें इंडस्ट्रियल शेड मलपुर, बद्दी और मार्केट यार्ड नालागढ़ शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया पूरी होने के बाद किसानों को पोर्टल के माध्यम से टोकन जारी किए जाएंगे। किसानों से अपील की गई है कि वे टोकन में निर्धारित तिथि के अनुसार ही अपनी धान की फसल लेकर संबंधित खरीद केंद्र पर पहुंचें।
प्रशासन ने किसानों से समय पर ऑनलाइन पंजीकरण करवाने और आवश्यक जानकारी सही तरीके से दर्ज करने की अपील की है, ताकि धान की खरीद प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो। किसानों को अपनी बैंक संबंधी जानकारी भी सही दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे खरीद के बाद भुगतान प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी की जा सके।
सोलन : धान खरीद के लिए ऑनलाइन पंजीकरण शुरू, सोलन में 2461 रुपये प्रति क्विंटल मिलेगा एमएसपी