सोलन: विश्वकर्मा दिवस पर रॉन्ग साइड से आ रहे ऑटो ने दो कारों को मारी टक्कर, पलटने से चालक समेत दो घायल

सोलन। राष्ट्रीय राजमार्ग-5 पर सोलन बाईपास से न्यू बस स्टैंड की ओर जाने वाले मार्ग पर विश्वकर्मा दिवस के अवसर पर एक सड़क हादसा पेश आया। गलत दिशा में जा रहे एक ऑटो ने सामने से आ रही दो कारों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों कारें क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में ऑटो चालक और उसके साथ सवार एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में कोई बड़ा जानी नुकसान नहीं हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ऑटो चालक राष्ट्रीय राजमार्ग पर बाईपास से न्यू बस स्टैंड की ओर रॉन्ग साइड में वाहन चला रहा था। इस दौरान वह रास्ते में आने वाले अन्य वाहनों के भी बेहद करीब से गुजर रहा था। कुछ ही देर बाद सामने से आ रही दो कारें ऑटो की चपेट में आ गईं। टक्कर के बाद ऑटो सड़क पर पलट गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने आशंका जताई कि ऑटो में सवार दोनों व्यक्तियों ने शराब का सेवन कर रखा था। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। हादसे के बाद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को ऑटो से बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी। पुलिस द्वारा दुर्घटनाग्रस्त वाहनों की स्थिति और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगामी कार्रवाई की जा रही है।
गौरतलब है कि राष्ट्रीय राजमार्ग-5 पर गलत दिशा में वाहन चलाने और यातायात नियमों की अनदेखी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। बीती रात हुए इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि रॉन्ग साइड वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *