सोलन। कार्तिक मास की पावन गौष्टमी के अवसर पर आश्रय गौसदन के संस्थापक प्रदीप शर्मा ने प्रदेशवासियों से गायों के संरक्षण और सेवा का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि गाय केवल दूध देने का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, आस्था और परंपरा का अभिन्न हिस्सा है। ऐसे में गाय के दूध देना बंद करने के बाद उसे सड़कों पर बेसहारा छोड़ना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। समाज को इस मानसिकता में बदलाव लाने की आवश्यकता है।
प्रदीप शर्मा ने आश्रय गौसदन की स्थापना से जुड़ा अनुभव साझा करते हुए बताया कि वर्ष 2014 में सड़क पर एक गाय को वाहन द्वारा टक्कर मारे जाने की घटना की सूचना मिलने के बाद उनके मन में गौशाला स्थापित करने का विचार आया। इस घटना ने उन्हें भीतर तक झकझोर दिया और उन्होंने सोलन में बेसहारा गायों के लिए आश्रय स्थल बनाने का संकल्प लिया। इसी संकल्प के साथ आश्रय गौसदन की नींव रखी गई। आज यह संस्थान निरंतर गौ सेवा और बेसहारा गोवंश के संरक्षण में जुटा हुआ है।
गौष्टमी के धार्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने बताया कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इसी पावन तिथि पर भगवान श्रीकृष्ण ने बछड़ों के स्थान पर गायों को चराना और उनकी सेवा करना आरंभ किया था। इसलिए यह पर्व गौ माता के प्रति सम्मान, श्रद्धा और सेवा भाव प्रकट करने का विशेष अवसर है।
उन्होंने कहा कि आज समाज में देखने को मिलता है कि जब तक गाय दूध देती है, तब तक उसका पालन-पोषण किया जाता है, लेकिन दूध देना बंद करते ही उसे सड़कों पर छोड़ दिया जाता है। इससे न केवल गोवंश असुरक्षित होता है, बल्कि सड़क हादसों की आशंका भी बढ़ जाती है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि गायों को बेसहारा छोड़ने के बजाय उनका जीवनभर संरक्षण करें। दूध न देने वाली गाय के गोबर से वर्मी कंपोस्ट यानी जैविक खाद तैयार कर आर्थिक लाभ भी कमाया जा सकता है। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ आमदनी का साधन भी विकसित होगा। उन्होंने सभी से गौष्टमी पर गौ सेवा का संकल्प लेने और गायों के प्रति संवेदनशीलता बनाए रखने का आह्वान किया।