सोलन : कैंट बोर्ड की समस्याओं को लेकर सांसद सुरेश कश्यप ने गृह मंत्री के समक्ष उठाई आवाज

जिला सोलन के कसौली, सुबाथू और डगशाई कैंट बोर्ड क्षेत्रों में स्थानीय लोगों को पेश आ रही समस्याओं का मुद्दा सांसद सुरेश कश्यप ने केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह के समक्ष उठाया है। सांसद ने कैंट बोर्ड से जुड़ी समस्याओं का जल्द समाधान करवाने का आग्रह किया है। यह जानकारी उन्होंने सोमवार को सोलन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान दी।
सांसद सुरेश कश्यप ने बताया कि कैंट बोर्ड क्षेत्रों में लगातार बढ़ाए जा रहे किराये से स्थानीय लोग परेशान हैं। उन्होंने इस समस्या को केंद्रीय गृह मंत्री के समक्ष प्रमुखता से उठाते हुए लोगों को राहत देने की मांग की है। उनका कहना है कि लंबे समय से कैंट बोर्ड क्षेत्र के निवासी विभिन्न समस्याओं से जूझ रहे हैं और इनके समाधान के लिए केंद्र स्तर पर प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता है।
उन्होंने सुबाथू में आयोजित होने वाले प्रसिद्ध गुगा माड़ी मेले से जुड़े मैदान के मुद्दे को भी गृह मंत्री के समक्ष रखा। सांसद ने कहा कि स्थानीय लोगों की धार्मिक एवं सामाजिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए मेले का आयोजन पूर्व की भांति उसी स्थान पर करवाने के लिए आवश्यक समाधान किया जाना चाहिए।
सांसद ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री ने कैंट बोर्ड से संबंधित सभी समस्याओं को गंभीरता और सहानुभूतिपूर्वक सुना तथा इनके समाधान का आश्वासन दिया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार के हस्तक्षेप से कसौली, सुबाथू और डगशाई के लोगों को राहत मिलेगी और लंबे समय से लंबित समस्याओं का समाधान हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *