सोलन। सांसद सुरेश कश्यप ने सोलन नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के लिए सांसद निधि (एमपीएलएडीएस) के तहत 44 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। नगर निगम के डिप्टी मेयर गौरव राजपूत ने इस आर्थिक सहायता के लिए सांसद का आभार व्यक्त किया है।
गौरव राजपूत ने बताया कि हाल ही में नगर निगम की मेयर की अगुवाई में पार्षदों के प्रतिनिधिमंडल ने सलोगड़ा में सांसद सुरेश कश्यप से मुलाकात कर शहर के विभिन्न वार्डों में विकास कार्यों के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने का आग्रह किया था। इसके बाद सांसद ने 20 से 25 दिनों के भीतर ही विकास कार्यों के लिए धनराशि जारी कर दी।
उन्होंने बताया कि सांसद निधि से मुलाकात करने वाले पार्षदों के वार्डों के लिए 4-4 लाख रुपये उपलब्ध करवाए गए हैं। इस राशि से वार्डों में रास्तों का निर्माण, पेवर ब्लॉक बिछाने और अन्य आवश्यक बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्य करवाए जाएंगे। पार्षदों द्वारा तैयार किए गए एस्टीमेट के आधार पर विकास कार्यों को पूरा किया जाएगा।
डिप्टी मेयर ने कहा कि इस आर्थिक सहायता से नगर निगम क्षेत्र में लंबे समय से लंबित पड़े विकास कार्यों को गति मिलेगी और लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने प्रदेश सरकार से भी नगर निगम सोलन को अधिक आर्थिक सहयोग देने की अपील की, ताकि शहर के सभी वार्डों में विकास कार्यों को तेजी से पूरा किया जा सके।