सोलन : मां शूलिनी वारियर्स का लक्ष्य युवाओं को नशे से दूर कर खेलों से जोड़ना

सोलन। हिमाचल कबड्डी लीग (HKL) की फ्रेंचाइजी मां शूलिनी वारियर्स ने प्रदेश के युवाओं को नशे से दूर रखकर खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने का संकल्प लिया है। फ्रेंचाइजी के प्रबंध निदेशक (एमडी) कपिल शवान ने कहा कि लीग का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेलों के लिए बेहतर मंच उपलब्ध करवाना और उनकी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाना है। उन्होंने कहा कि कबड्डी हिमाचल की पारंपरिक पहचान और संस्कृति से जुड़ा खेल है। ऐसे में इस खेल को बढ़ावा देकर युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखा जा सकता है।
कपिल शवान ने बताया कि हिमाचल कबड्डी लीग का आयोजन प्रो कबड्डी लीग की तर्ज पर किया जाएगा। इसमें खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ बेहतर अवसर प्राप्त होंगे। सोलन जिले के कई प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को भी इस लीग में शामिल किया गया है। इनमें मयंक सैनी, यूवी ठाकुर, विशाल भारद्वाज और अनिल जस्ता जैसे खिलाड़ी प्रमुख हैं। इन खिलाड़ियों की भागीदारी से स्थानीय युवाओं को प्रोत्साहन मिलेगा और क्षेत्र में कबड्डी के प्रति रुचि बढ़ेगी।
उन्होंने बताया कि लीग के तहत पांवटा साहिब में भव्य मुकाबलों का आयोजन किया जाएगा, जहां खिलाड़ियों को बड़े स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। आयोजकों का प्रयास है कि हिमाचल के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को तलाशकर उन्हें आगे बढ़ने का मंच दिया जाए।
कपिल शवान के अनुसार, हिमाचल कबड्डी लीग में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ी HKL के आधिकारिक पोर्टल पर 200 रुपये पंजीकरण शुल्क देकर 30 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद 15 दिसंबर तक खिलाड़ियों का ऑक्शन आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने प्रदेश के युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में पंजीकरण करवाने और खेलों को अपने जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *