सोलन। हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय द्वारा धारा 118 के संदर्भ में दिए गए अंतरिम आदेश का हिमाचल किसान सभा की सोलन जिला इकाई ने स्वागत किया है। किसान सभा ने प्रदेश सरकार से धारा 118 के तहत जमीनों की खरीद-फरोख्त पर तुरंत रोक लगाने और इस मामले की न्यायिक जांच करवाने की मांग उठाई है।
सोलन में आयोजित जिला केंद्र की बैठक में किसान सभा के जिला अध्यक्ष नीतिश ठाकुर ने कहा कि उच्च न्यायालय के अंतरिम आदेश को लागू करते हुए प्रदेश सरकार को धारा 118 के तहत होने वाली जमीनों की खरीद-फरोख्त पर रोक लगानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि धारा 118 के तहत जमीन खरीदने के बाद कई मामलों में निर्धारित शर्तों और नियमों का उल्लंघन किया जा रहा है।
उन्होंने मांग की कि उच्च न्यायालय के किसी सिटिंग जज की अध्यक्षता में जांच समिति गठित की जाए, जो यह जांच करे कि किन लोगों को किस उद्देश्य से जमीन खरीदने की अनुमति दी गई और संबंधित भूमि का इस्तेमाल उसी उद्देश्य के लिए हो रहा है या नहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि आवासीय उपयोग के लिए खरीदी गई जमीनों और फ्लैट्स का इस्तेमाल व्यावसायिक गतिविधियों, पर्यटन कारोबार और दुकानों के लिए किया जा रहा है।
किसान सभा ने पहाड़ियों की अवैध कटाई और आसपास के किसानों व स्थानीय लोगों की जमीनों पर कथित कब्जों का मुद्दा भी उठाया। जिला अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि इन मामलों को लेकर जिले में व्यापक जन आंदोलन शुरू किया जाएगा।
बैठक में जिला सचिव प्यारे लाल वर्मा, उपाध्यक्ष केशव वर्मा और मनोहर लाल मेहता मौजूद रहे। किसान सभा के अनुसार, कुमारहट्टी में प्रारंभिक बैठक हो चुकी है। आगामी दिनों में कसौली, कोरखंतली और भोजनगर सहित अन्य क्षेत्रों में भी बैठकें आयोजित कर किसानों को लामबंद किया जाएगा।
सोलन : धारा 118 पर हाईकोर्ट के आदेश का किसान सभा ने किया स्वागत, जमीनों की खरीद-फरोख्त पर रोक की मांग