सोलन तहसील कार्यालय में सरकारी प्रमाण पत्र जारी करने में कथित देरी का मामला सामने आया है। ओछघाट (ओजगार्ड) पंचायत की निवासी एवं पूर्व बीडीसी सदस्य अनीता ने तहसील कार्यालय की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि उनके देवर का आय प्रमाण पत्र करीब डेढ़ महीने से लंबित है। प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किए हुए लगभग 45 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक प्रमाण पत्र जारी नहीं किया गया है।
अनीता के अनुसार उन्होंने अपने देवर के आय प्रमाण पत्र के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत सोलन तहसील कार्यालय में आवेदन किया था। आवेदन जमा करने के बाद उन्हें उम्मीद थी कि तय समय के भीतर प्रमाण पत्र मिल जाएगा, लेकिन लंबा समय बीतने के बावजूद दस्तावेज जारी नहीं हुआ।
उन्होंने बताया कि प्रमाण पत्र के संबंध में जानकारी लेने के लिए वह कई बार तहसील कार्यालय के चक्कर लगा चुकी हैं। उनका आरोप है कि हर बार उन्हें कुछ दिन बाद आने के लिए कहकर वापस भेज दिया जाता है। कभी चार-पांच दिन बाद आने को कहा जाता है तो कभी दो-तीन दिन में प्रमाण पत्र मिलने का आश्वासन दिया जाता है। इसके बावजूद अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है। अनीता ने कहा कि सरकारी कार्यालयों में प्रमाण पत्र जैसी आवश्यक सेवाओं के लिए लोगों को बार-बार चक्कर न काटने पड़ें, इसके लिए प्रक्रिया को समयबद्ध बनाया जाना चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर लंबित आय प्रमाण पत्र जल्द जारी करने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों से लोग अपने जरूरी दस्तावेज बनवाने के लिए तहसील मुख्यालय पहुंचते हैं। यदि उन्हें कई बार कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ें तो इससे समय और धन दोनों की बर्बादी होती है। उन्होंने प्रशासन से प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया में पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने की मांग की। वहीं, मामले में तहसील प्रशासन का पक्ष सामने नहीं आया है। प्रशासन का पक्ष मिलने पर उसे भी प्रकाशित किया जाएगा।