जिला सोलन सहित प्रदेश की विभिन्न मंडियों में इन दिनों लहसुन की आवक बढ़ गई है, लेकिन मौसम की बेरुखी और बाजार में गिरते दामों ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। किसानों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से लहसुन के भाव लगातार नीचे आ रहे हैं, जिससे उनकी आय प्रभावित हो रही है।
सोलन मंडी पहुंचे जौनाजी क्षेत्र के मेशीवर निवासी किसान ज्ञान ने बताया कि वे अपनी फसल के 12 कट्टे लेकर मंडी पहुंचे थे। उन्हें लहसुन का अधिकतम भाव 130 रुपये प्रति किलोग्राम मिला। उन्होंने कहा कि कुछ समय पहले यही लहसुन 150 से 160 रुपये प्रति किलोग्राम तक बिक रहा था, लेकिन मौसम में आए बदलाव के कारण दामों में करीब 30 रुपये प्रति किलो की गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि मौजूदा भाव संतोषजनक हैं, फिर भी किसान अपनी मेहनत के अनुरूप बेहतर कीमत की अपेक्षा रखते हैं। उन्होंने बताया कि लहसुन के साथ-साथ उन्होंने शिमला मिर्च और टमाटर की खेती भी की है।
वहीं, करसोग से आए किसान खुशीराम ने बताया कि पिछले दो से चार दिनों के दौरान लहसुन के भाव में 10 से 15 रुपये प्रति किलो तक की अतिरिक्त गिरावट आई है। उनके अनुसार लगातार नमी, ओस और खराब मौसम के कारण लहसुन अच्छी तरह सूख नहीं पा रहा, जिससे उसकी गुणवत्ता प्रभावित हो रही है और बाजार में अपेक्षित मूल्य नहीं मिल रहा।
किसानों का कहना है कि खेती में बढ़ती लागत और कड़ी मेहनत के बावजूद उन्हें उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। मौसम की अनिश्चितता और बाजार की सुस्ती ने उनकी परेशानियां बढ़ा दी हैं। किसानों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में मौसम साफ होने के साथ-साथ लहसुन के दामों में भी सुधार देखने को मिलेगा, जिससे उन्हें अपनी उपज का बेहतर मूल्य मिल सकेगा।