सोलन : सब्जी मंडी क्षेत्र से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू

शहर में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। एसडीएम नीरजा शर्मा ने बताया कि प्रशासन की ओर से लोगों से स्वयं अतिक्रमण हटाने का आग्रह किया जा रहा था, लेकिन बार-बार चेतावनी के बावजूद कई लोग दोबारा कब्जा कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि पहले भी कुछ अवैध ढांचे हटाए गए थे, लेकिन प्रशासनिक टीम के लौटने के बाद दोबारा अतिक्रमण कर लिया जाता था। ऐसे में अब अतिक्रमण हटाने के साथ चालान काटकर जुर्माना लगाने की कार्रवाई भी शुरू की गई है।
एसडीएम के अनुसार कार्रवाई के दौरान न्यूनतम 500 रुपये से लेकर अधिकतम 2000 रुपये तक के चालान किए गए हैं। प्रशासन ने यह अभियान सब्जी मंडी के आसपास के क्षेत्र से शुरू किया है। टीम अपनी क्षमता के अनुसार आगे के क्षेत्रों में भी कार्रवाई करेगी।
उन्होंने कहा कि अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्ती बरती जाएगी, ताकि लोगों में नियमों के पालन को लेकर स्पष्ट संदेश जाए। आने वाले दिनों में अभियान के लिए अन्य तारीखें भी तय की जाएंगी और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई नियमित रूप से जारी रहेगी। प्रशासन का उद्देश्य शहर में सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त कर यातायात और आम लोगों की आवाजाही को सुचारू बनाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *