ऐतिहासिक राज्य स्तरीय माँ शूलिनी मेला-2026 के दौरान इस बार डॉग शो आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगा। पशुपालन विभाग की ओर से 28 जून को विशेष डॉग शो का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विभिन्न नस्लों के पालतू कुत्ते अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
इस संबंध में जानकारी देते हुए पशुपालन विभाग के डॉ. विवेक लांबा ने बताया कि डॉग शो का आयोजन नगर निगम कार्यालय के समीप स्थित पार्किंग परिसर की दूसरी मंजिल पर किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष भी इसी स्थान पर सफलतापूर्वक कार्यक्रम आयोजित किया गया था और इस बार भी बड़ी संख्या में प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद है।
डॉ. लांबा ने बताया कि प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त कार्यक्रम के दौरान विभाग की ओर से पालतू कुत्तों के लिए निःशुल्क एंटी-रेबीज टीकाकरण की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने जिले के सभी पालतू पशु पालकों से इस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। साथ ही उन्होंने कहा कि रेबीज जैसी गंभीर बीमारी की रोकथाम के लिए पालतू कुत्तों का नगर निगम की वेबसाइट पर पंजीकरण करवाना आवश्यक है।
डॉ. लांबा ने बताया कि पंजीकृत कुत्तों अथवा कार्यक्रम के दौरान पंजीकरण करवाने वाले पशुपालकों को विभाग के पॉलीक्लिनिक में निःशुल्क टीकाकरण की सुविधा प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य पशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा रेबीज के प्रसार पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करना है। BYTE – डॉ विवेक लम्बा