नगर निगम सोलन की मेयर सुषमा शर्मा ने शहर में स्वच्छता व्यवस्था, संपर्क मार्गों और पार्किंग की समस्या को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ रखने के लिए नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वार्ड नंबर 5 और 8 के पार्षदों की शिकायत के बाद मेयर ने गेट नंबर 2 के समीप औचक निरीक्षण किया।
मेयर ने बताया कि यहां अवैध रूप से कूड़ा फेंकने वालों की पहचान के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। कैमरों की निगरानी के आधार पर कूड़ा फेंकने वालों के चालान अब सीधे उनके घर भेजे जाएंगे। उन्होंने लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फेंकने और नगर निगम की डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था का इस्तेमाल करने की अपील की। शाली नगर स्थित डंपर प्वाइंट को भी बंद कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि पीडब्ल्यूडी की ओर से सड़क निर्माण के दौरान क्षतिग्रस्त किए गए संपर्क रास्तों को जल्द दुरुस्त किया जाएगा। आगामी 15 से 20 दिनों अथवा अधिकतम एक माह के भीतर जरूरत के अनुसार आधा रैंप और आधी सीढ़ियां बनाने की योजना है। इससे दिव्यांगों, विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों को बाजार तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी।
मेयर ने शहर में बढ़ती पार्किंग समस्या को लेकर भी लोगों से सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि शहर में सरकारी भूमि के ऐसे स्थान चिन्हित किए जाएं, जहां छोटी पार्किंग बनाई जा सकती है, तो नगर निगम वहां पार्किंग सुविधा विकसित करने का प्रयास करेगा। उन्होंने शहरवासियों से स्वच्छता बनाए रखने और नगर निगम के प्रयासों में सहयोग करने की अपील की।
सोलन : कूड़ा फेंकने वालों पर होगी सख्ती, संपर्क रास्तों की मरम्मत और पार्किंग पर मेयर का फोकस