सोलन : पीएम मोदी के जन्मदिन पर भाजयुमो का प्रदेशव्यापी रक्तदान अभियान, 17 से 20 सितंबर तक लगेंगे शिविर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा मनाए जा रहे सेवा समर्पण अभियान के तहत भारतीय जनता युवा मोर्चा प्रदेशभर में रक्तदान शिविर आयोजित करेगा। इस वर्ष पार्टी सेवा समर्पण के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर विभिन्न सेवा गतिविधियां आयोजित कर रही है। इसी कड़ी में युवा मोर्चा को प्रदेशव्यापी रक्तदान अभियान की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कार्यक्रम के प्रदेश संयोजक एवं प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष रोहित भारद्वाज ने प्रेस को जारी जानकारी में बताया कि रक्तदान अभियान 17 सितंबर से 20 सितंबर तक चलेगा। इस दौरान प्रदेश के प्रत्येक जिले के मुख्यालय के अलावा जिला और मंडल स्तर पर भी रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। अभियान के तहत प्रदेश के अधिक से अधिक युवाओं और आम लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया जाएगा।
रोहित भारद्वाज ने कहा कि रक्तदान एक महत्वपूर्ण सामाजिक सेवा है और जरूरत के समय किसी व्यक्ति का जीवन बचाने में इसकी अहम भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा का प्रयास रहेगा कि अभियान के दौरान अधिक से अधिक संख्या में लोग रक्तदान के लिए आगे आएं।
उन्होंने बताया कि 17, 18, 19 और 20 सितंबर को प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर शिविर आयोजित कर रक्त एकत्र किया जाएगा। इसके लिए संबंधित जिलों और मंडलों के युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं। शिविरों में रक्तदाताओं की सुविधा और आवश्यक व्यवस्थाओं का भी ध्यान रखा जाएगा।
रोहित भारद्वाज ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के सभी ब्लड बैंकों में पर्याप्त रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना है, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त मिल सके। उन्होंने युवाओं से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और समाज सेवा के इस कार्य को सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजयुमो सेवा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को आगे भी प्राथमिकता के साथ जारी रखेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *