सोलन : सैनिकों के शौर्य पर टिप्पणी को लेकर भाजपा का विरोध, शहरी मंडल अध्यक्ष शैलेंद्र ने मंत्री जगत सिंह नेगी पर साधा निशाना

सोलन। धर्मशाला के तपोवन में आयोजित हिमाचल प्रदेश विधानसभा सत्र के दौरान मंत्री जगत सिंह नेगी की ओर से भारतीय सेना को लेकर की गई टिप्पणी पर सोलन भाजपा शहरी मंडल ने कड़ी आपत्ति जताई है। मंडल अध्यक्ष शैलेंद्र ने बयान की निंदा करते हुए इसे सेना के सम्मान और राष्ट्रीय स्वाभिमान से जुड़ा विषय बताया।
शैलेंद्र ने कहा कि लोकतंत्र में सरकार की नीतियों और फैसलों की आलोचना करना प्रत्येक नागरिक का अधिकार है, लेकिन भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम पर सवाल उठाना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि सेना देश की सुरक्षा और सम्मान का प्रतीक है तथा उसके योगदान को राजनीतिक बयानबाजी से नहीं जोड़ना चाहिए।
उन्होंने वर्ष 1962 के भारत-चीन युद्ध का उल्लेख करते हुए कहा कि उस कठिन दौर में भी देश के नेताओं ने संसाधनों की कमी के बावजूद भारतीय सैनिकों के साहस और बलिदान की सराहना की थी। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का उदाहरण देते हुए कहा कि सेना के सम्मान को हमेशा सर्वोपरि रखा जाना चाहिए।
भाजपा मंडल अध्यक्ष ने राफेल विमान खरीद को लेकर उठाए गए मुद्दे पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यदि मंत्री को विमान खरीद प्रक्रिया पर सवाल उठाने थे तो वे इस विषय तक अपनी बात सीमित रख सकते थे, लेकिन सेना के पराक्रम और उसकी उपलब्धियों पर टिप्पणी करना उचित नहीं है। शैलेंद्र ने पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय सेना की कार्रवाई और उसके साहस का जिक्र करते हुए कहा कि देश को अपने सैनिकों पर गर्व है।
शैलेंद्र ने मुख्यमंत्री के रुख पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा मंत्री जगत सिंह नेगी को अच्छा सहयोगी बताना इस मामले में उनकी स्थिति को लेकर सवाल खड़े करता है। उन्होंने मांग की कि सेना से जुड़े मामलों पर बयान देते समय सभी जनप्रतिनिधियों को जिम्मेदारी और संयम बरतना चाहिए। भाजपा ने स्पष्ट किया कि भारतीय सेना के सम्मान से जुड़े किसी भी मुद्दे पर वह चुप नहीं रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *