सोलन ब्लॉक समिति के बाद धर्मपुर ब्लॉक समिति में भी भारतीय जनता पार्टी ने जीत दर्ज करते हुए अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पदों पर कब्जा कर लिया है। धर्मपुर ब्लॉक समिति के चुनाव में भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों ने अपने-अपने उम्मीदवार मैदान में उतारे थे, लेकिन अंततः भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने बाजी मार ली।
चुनाव परिणामों के अनुसार सूरज ठाकुर ब्लॉक समिति अध्यक्ष तथा हरविंदर ठाकुर उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए। परिणाम घोषित होने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने इस जीत को भाजपा कार्यकर्ताओं की सामूहिक मेहनत और संगठन की मजबूती का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि धर्मपुर ब्लॉक समिति के चुनाव में भाजपा के नौ बीडीसी सदस्य एकजुट होकर पार्टी के साथ खड़े रहे और सभी ने मिलकर पार्टी उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित की। उन्होंने कहा कि इस सफलता का श्रेय पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता को जाता है, जिन्होंने चुनाव के दौरान पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य किया।
डॉ. सैजल ने कहा कि सोलन ब्लॉक समिति के बाद धर्मपुर ब्लॉक समिति में भी भाजपा को सफलता मिलना संगठन की मजबूत रणनीति और कार्यकर्ताओं की मेहनत का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि पिछली बार भी धर्मपुर ब्लॉक समिति पर भाजपा का कब्जा था और इस बार भी पार्टी ने अपना वर्चस्व बरकरार रखा है।
उन्होंने जिला परिषद अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर कहा कि अभी इस विषय पर कोई औपचारिक चर्चा नहीं हुई है। हालांकि उन्होंने दावा किया कि जिला परिषद सोलन में भी भाजपा ने अच्छा प्रदर्शन किया है और पार्टी के पास बहुमत है। ऐसे में आगामी चुनावों में भी भाजपा बेहतर परिणाम की उम्मीद कर रही है।