सोलन : 2 अक्टूबर से शुरू होगी ‘अपना परिवार सुखी परिवार’ योजना, बीपीएल महिलाओं को मिलेंगे 1500 रुपये

हिमाचल प्रदेश सरकार की ‘अपना परिवार सुखी परिवार’ कल्याणकारी योजना 2 अक्टूबर से शुरू होने जा रही है। योजना के तहत गरीबी रेखा से नीचे रहने वाली पात्र महिलाओं को 1500 रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। नौणी पंचायत के पूर्व प्रधान मदन हिमाचली ने बताया कि प्रदेश में दो लाख से अधिक पात्र महिलाओं को इस योजना का लाभ मिलने की उम्मीद है।
मदन हिमाचली ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाएं लंबे समय से इस योजना के शुरू होने का इंतजार कर रही थीं। सरकारी स्तर पर की गई तैयारियों के अनुसार 2 अक्टूबर को पात्र महिलाओं के बैंक खातों में सहायता राशि पहुंचाई जाएगी। उन्होंने कहा कि योजना के लाभार्थियों के चयन की प्रक्रिया में कुछ समय जरूर लगा, लेकिन अब पात्र महिलाओं को इसका लाभ मिलने जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की महिलाओं के लिए यह सहायता राशि उपयोगी साबित हो सकती है। विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को घरेलू जरूरतों और अन्य आवश्यक खर्चों के लिए आर्थिक सहारा मिल सकेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में मदद मिलेगी
मदन हिमाचली ने इस योजना के लिए हिमाचल प्रदेश सरकार, मुख्यमंत्री और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के स्थानीय मंत्री डॉ. कर्नल धनीराम शांडिल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से महिलाओं को आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने की पहल स्वागत योग्य है।
उन्होंने कहा कि योजना का लाभ मिलने से पात्र महिलाओं में आत्मनिर्भरता और स्वावलंबन की भावना को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने इसे महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया और उम्मीद जताई कि भविष्य में भी सरकार जरूरतमंद परिवारों और महिलाओं के हित में ऐसी योजनाओं को आगे बढ़ाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *